मनेंद्रगढ़ |छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के तहत कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और प्राचार्यों के प्रभार में फेरबदल किया गया है। इस कार्रवाई में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे को भी हटाया गया है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में एमसीबी जिला प्रदेश में सबसे निचले स्थान पर रहा था। जिले के कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन को लेकर शासन स्तर पर नाराजगी जताई गई थी।
इसके अलावा ‘सुशासन तिहार’ के दौरान चिरमिरी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और परिणामों को लेकर तत्कालीन डीईओ आरपी मिरे को फटकार लगाई थी। माना जा रहा है कि इसी के बाद प्रशासनिक स्तर पर यह निर्णय लिया गया।
तबादला आदेश के तहत आरपी मिरे को हटाकर लोक शिक्षण संचालनालय के विकल्प पर रखा गया है। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
रविकांत यादव के सामने अब जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यालयों में गुणवत्ता सुधारने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले के प्रदर्शन को सुधारने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। शासन को उनसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सुशासन के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद है।





