March 4, 2026

एमसीबी : मनेन्द्रगढ़ में जल जीवन मिशन की जमीनी परीक्षा, अधिकारियों के निरीक्षण में सामने आई असली तस्वीर

जिले के विकासखंड मनेन्द्रगढ़ में जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे बहुप्रतीक्षित पेयजल कार्यों की वास्तविक स्थिति गुरुवार को जमीन पर देखने को मिली। 06 फरवरी 2026 को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित LAI MVS, खरलाधर MVS तथा ग्राम पंचायत मोहनटोला और काशी टोला में प्रगतिरत कार्यों का वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सघन निरीक्षण किया। इस दौरान योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पक्षों को बारीकी से परखा गया।

LAI MVS अंतर्गत ठेकेदारों की समीक्षा बैठक, कार्यों में तेजी के निर्देश

निरीक्षण के उपरांत LAI MVS अंतर्गत सम्मिलित ग्रामों के संबंधित ठेकेदारों के साथ जल जीवन मिशन कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति, तकनीकी चुनौतियों एवं गुणवत्ता मानकों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना अनिवार्य होगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में गुणवत्ता व तकनीकी मानकों की जांच

निरीक्षण दल में अधीक्षक अभियंता एस.एन. पांडे, कार्यपालन अभियंता आकाश पोद्दार, उप अभियंता मनमोहन सिंह, जिला परियोजना समन्वयक (मॉनिटरिंग) अनिमेष कुमार तिवारी एवं जिला परियोजना समन्वयक (टेक्निकल) ज्ञानेंद्र कुमार साहू उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पाइपलाइन, संरचनात्मक कार्यों एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाने का लक्ष्य दोहराया

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जल जीवन मिशन का मूल उद्देश्य प्रत्येक घर तक निरंतर, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसके लिए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों की सक्रियता से क्षेत्र में चल रहे जल जीवन मिशन कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।