मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को देखते हुए मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। विधानसभा में जिले से जुड़े प्रश्नों के समयबद्ध और तथ्यात्मक जवाब सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े ने 13 से 17 जुलाई 2026 तक जिले के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जारी आदेश के अनुसार, मानसून सत्र की अवधि में सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अत्यंत आवश्यक या अपरिहार्य कारणों से अवकाश लेना हो अथवा मुख्यालय छोड़ना हो, तो इसके लिए संबंधित कार्यालय प्रमुख की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा। साथ ही संबंधित विभागाध्यक्ष या कार्यालय प्रमुख से लिखित अनुमति प्राप्त करना भी आवश्यक होगा।
जिला प्रशासन का कहना है कि विधानसभा सत्र के दौरान शासन की ओर से मांगी जाने वाली जानकारी निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने, समन्वय बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।





