मनेन्द्रगढ़। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात एक हाथी के हमले में दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, देवसील गांव की आगे बस्ती में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। कार्य स्थल पर जेसीबी मशीन के साथ कई श्रमिक काम कर रहे थे। देर रात काम खत्म करने के बाद सभी श्रमिक खाना खाकर पास में ही आराम कर रहे थे।
अचानक पहुंचा हाथी, श्रमिकों पर किया हमला
इसी दौरान एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और श्रमिकों पर हमला कर दिया। हाथी ने दो श्रमिकों को कुचल दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हमले में 22 वर्षीय गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय अमर सिंह ने सोनहत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
वन विभाग की टीम पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
क्षेत्र में दहशत
लगातार वन्यजीवों की आवाजाही और हाथियों के हमलों की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है।





