एमसीबी, 06 फरवरी 2026:
स्वास्थ्य विभाग जनकपुर के तत्वावधान में शासकीय हाई स्कूल कंजिया में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया और मानसिक स्वास्थ्य, आयुष चिकित्सा और बाल नेत्र सुरक्षा विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
शिविर के दौरान छात्रों को मानसिक तनाव से निपटने, सकारात्मक सोच विकसित करने और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। आयुष चिकित्सा सत्र में प्राकृतिक जीवनशैली, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और दैनिक दिनचर्या में सुधार के उपाय बताए गए। बाल नेत्र सुरक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई और डिजिटल स्क्रीन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा आंखों की देखभाल के आवश्यक सुझाव प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. रमन के मार्गदर्शन में किया गया। आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिवपाल सिंह ने आयुष चिकित्सा के लाभ बताए। विकास खंड कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान ने कार्यक्रम के समन्वय और प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाई। नेत्र सहायक अधिकारी आर.एस. चेचाम ने विद्यार्थियों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समय पर स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ मिलता है।




