रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए गर्व की खबर है। राजनांदगांव की प्रतिभावान क्रिकेटर महक नरवासे का श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला टी-20 और वनडे टीम में चयन हुआ है। खास बात यह है कि उन्हें दोनों प्रारूपों की टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेशभर में खुशी का माहौल है।
महक नरवासे छत्तीसगढ़ की अंडर-15, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है।
फिलहाल महक बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) में प्रशिक्षण ले रही हैं, जहां वे देश की अन्य उभरती खिलाड़ियों के साथ अपनी प्रतिभा को और निखार रही हैं।
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टी-20 श्रृंखला की शुरुआत 22 जून से होगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे। इस दौरे में महक उपकप्तान के रूप में भारतीय टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी।
महक के चयन पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री OP Choudhary ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि महक श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने कहा कि महक की सफलता प्रदेश की युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है और यह उपलब्धि उन्हें खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।





