July 23, 2026

मेकाहारा में डॉक्टरों ने बचाई तीर से घायल मरीज की जान, जटिल ऑपरेशन रहा सफल

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के जनरल सर्जरी विभाग ने तीर से गंभीर रूप से घायल एक मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई है। गरियाबंद जिले के निवासी मरीज को पीठ के रास्ते पेट में तीर लगने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया था। समय पर लिए गए चिकित्सकीय निर्णय और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम के समन्वित प्रयास से जटिल सर्जरी सफल रही।

जनरल सर्जरी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि जांच में तीर मरीज के पेट में गहराई तक धंसा हुआ मिला था, जिससे आंतरिक अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। मरीज के पेट में परफोरेशन, आंतरिक रक्तस्राव और संक्रमण का खतरा था। ऐसी स्थिति में उपचार में थोड़ी भी देरी जानलेवा साबित हो सकती थी।

मरीज के अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ टीम ने उसकी स्थिति का तत्काल आकलन किया और 2 जुलाई 2026 को आपातकालीन ऑपरेशन करने का फैसला लिया। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने अत्यंत सावधानी से तीर को बाहर निकाला, क्षतिग्रस्त आंतरिक अंगों और ऊतकों की मरम्मत की, रक्तस्राव को नियंत्रित किया तथा पेट के भीतर जमा रक्त और दूषित द्रव को साफ कर आवश्यक जीवनरक्षक प्रक्रियाएं पूरी कीं।

सर्जरी के बाद मरीज को पोस्ट-ऑपरेटिव आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में उसका उपचार जारी है। अस्पताल के अनुसार मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर है और उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। यदि इसी तरह सुधार जारी रहा तो जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि मरीज बेहद गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचा था, लेकिन सर्जरी विभाग की टीम ने त्वरित निर्णय लेते हुए सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई। उन्होंने कहा कि मेकाहारा में गंभीर ट्रॉमा और आपातकालीन मामलों के उपचार के लिए अनुभवी विशेषज्ञों की टीम और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध हैं।

इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. मंजू सिंह ने किया। टीम में डॉ. सुखलाल निराला, डॉ. मनीष साहू, डॉ. रोशन रत्नाकर तथा एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. प्रतिभा जैन साह, डॉ. जया लालवानी और उनकी टीम शामिल रही।