Raipur | 26 मार्च 2026
रायपुर। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। खासतौर पर गर्मी की छुट्टियों में विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार, प्रदेश से हर साल बड़ी संख्या में लोग दुबई और यूरोप के देशों की यात्रा करते थे, लेकिन इस बार हालात पूरी तरह बदल गए हैं। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते यात्रियों की संख्या में 60 से 70 फीसदी तक की कमी आई है।
इसके साथ ही एयरलाइंस ने किराए में भारी बढ़ोतरी कर दी है। यूरोप के लिए जहां पहले डायरेक्ट फ्लाइट्स उपलब्ध थीं, वहां भी टिकट की कीमतें काफी महंगी हो गई हैं।
यही कारण है कि कई लोग अपनी विदेश यात्रा को टालने या रद्द करने पर मजबूर हो रहे हैं। ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि हालात जल्द सामान्य नहीं हुए, तो इसका असर आगे और भी गहरा सकता है।
सौरभ व्यास ने बताया कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का सीधा असर ट्रैवल इंडस्ट्री पर पड़ा है। पहले जहां गर्मी की छुट्टियों में बड़ी संख्या में बुकिंग होती थी, वहीं इस बार यात्रियों की संख्या में 60 से 70 फीसदी तक गिरावट आई है।
उन्होंने कहा कि एयरफेयर में बढ़ोतरी, खासकर यूरोप के लिए, लोगों के ट्रैवल प्लान रद्द या स्थगित करने की बड़ी वजह बन रही है।





