September 4, 2026

मिनीमाता की पुण्यतिथि पर CM साय ने किया नमन, कहा- मानव सेवा के लिए समर्पित रहा पूरा जीवन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिनीमाता ने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज से लेकर संसद तक अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने महिलाओं और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।

मिनीमाता के नाम पर दिया जाता है राज्य अलंकरण पुरस्कार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि समाज और महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में मिनीमाता के उत्कृष्ट योगदान को याद करते हुए राज्य सरकार द्वारा उनके नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार भी प्रदान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि मिनीमाता का सेवाभावी व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।