आरंग। खनिज विभाग ने आरंग क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे रेत और मुरूम के काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रातभर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध परिवहन में लगे कुल 11 हाइवा वाहनों को जब्त कर लिया गया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर के सख्त निर्देश और खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की रणनीति के तहत यह कार्रवाई की गई। खनिज प्रशासन के उप संचालक राजेश मालवे के निर्देश और सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में टीम ने आरंग और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 10 हाइवा रेत से और 1 हाइवा गिट्टी से लदा पाया गया। जब वाहन चालकों से रॉयल्टी पर्ची और अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद अवैध परिवहन की पुष्टि हो गई।
इसके बाद विभागीय टीम ने सभी 11 हाइवा वाहनों को जब्त कर आरंग और गिधपुरी पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया। साथ ही वाहन मालिकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ खनिज (उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व खनिज निरीक्षक प्रिया सिन्हा और सुपरवाइजर सुनील दत्त शर्मा ने किया। टीम में सिपाही संतोष पवार सहित लुकेश वर्मा, जितेन्द्र वर्मा, दयाराम साहू और लीलेश्वर मानिकपुरी भी शामिल रहे।
अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





