रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर आवास मेला-2025 के लकी ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। खास बात यह रही कि विजेताओं की सूची में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गजेंद्र यादव का नाम भी शामिल रहा, जिस पर मुख्यमंत्री ने मंच से उन्हें बधाई दी।
दुर्ग में हाउसिंग बोर्ड का मकान खरीदने वाले मंत्री गजेंद्र यादव की ओर से उनके स्टाफ ने पुरस्कार ग्रहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुस्कुराते हुए कहा, “हमारे एक मंत्री जी को भी प्राइज मिला है,” और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
लकी ड्रॉ में कुल नौ विजेताओं को सम्मानित किया गया। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार दी गई। इसके अलावा स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड अब नए स्वरूप में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में कार्य करेगा। पहले यह केवल आवास निर्माण तक सीमित था, लेकिन अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया गया है। इस दौरान 7 हजार से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर मंडल को नई दिशा दी गई है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का अपना पक्का घर होने का सपना होता है और राज्य सरकार इस सपने को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत है।





