July 23, 2026

प्रेमिका से नहीं मिल पाया तो 28 कारों में की तोड़फोड़, 11 वाहनों से चोरी, 4 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रेमिका से नहीं मिल पाने की नाराजगी एक नाबालिग को भारी पड़ गई। गुस्से में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कई गांवों में जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने 28 कारों के शीशे तोड़ दिए और 11 वाहनों से नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10-11 मई की रात मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के काशीगढ़, तुषार, बोदसरा, कचंदा, पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित कई गांवों में घरों और सड़क किनारे खड़ी कारों को निशाना बनाया गया। बदमाशों ने 28 कारों के शीशे तोड़ डाले और 11 कारों से पर्स, नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना समेत करीब 47 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया।

घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर मालखरौदा थाना में 6 और जैजैपुर थाना में 5 मामले दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जांच शुरू की। टीम ने 20 से 25 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और टॉवर डंप के जरिए करीब 4 हजार मोबाइल नंबरों का सत्यापन किया। साथ ही खरसिया और रायगढ़ क्षेत्र में छापेमारी की गई।

जांच के दौरान मुख्य आरोपी गुलशन कुमार बरेठ को खरसिया रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह दिल्ली भागने की फिराक में था। पूछताछ में हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू और दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। इसी बात से नाराज होकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तोड़फोड़ और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नगदी में से 4 हजार रुपये, 5 जैक, 5 रॉड, 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, 2 स्टेपनी टायर और 2 डीजल वाइब्रेटर मशीन बरामद की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।