July 23, 2026

जन्मदिन पर बुलाकर प्रेमिका की हत्या, नाबालिग बॉयफ्रेंड ने रेत में दफनाया शव

महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में रेत में दफन मिली 18 वर्षीय युवती की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या उसके नाबालिग मित्र ने की थी। आरोपी ने जन्मदिन के मौके पर गिफ्ट देने के बहाने युवती को मिलने बुलाया और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।

नाले किनारे रेत में मिला था शव

पुलिस के अनुसार 22 जून की दोपहर ग्रामीणों ने नाले के किनारे बदबू आने और रेत से बाहर निकले शव के हिस्से को देखकर सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम को शव के पास पर्स, चप्पल और बालों का गुच्छा मिला था। मृतका की पहचान ग्राम झारा निवासी 18 वर्षीय भारती टंडन के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवती की मौत सिर पर भारी वस्तु से किए गए वार और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। उसके सिर पर गहरा घाव और सिर की हड्डी टूटने के निशान मिले। शरीर पर अन्य चोटों के निशान भी पाए गए।

जन्मदिन की रात हुई थी लापता

परिजनों के मुताबिक 19 जून को युवती का जन्मदिन था और उसी रात वह घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने खल्लारी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शादी को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस जांच में पता चला कि युवती और एक नाबालिग युवक के बीच दोस्ती थी। युवती उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन युवक ने युवती को गिफ्ट देने के बहाने बुलाया और आंख बंद करने को कहा। जैसे ही युवती ने आंख बंद की, आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुए साक्ष्य

हत्या के बाद आरोपी ने शव को नाले किनारे रेत में दफना दिया और युवती का पर्स व चप्पल आसपास फेंक दिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पत्थर और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।