July 30, 2026

गांजा सप्लायर का पता नहीं बताया तो नाबालिग पर चाकू से हमला, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पीटा

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गांजा सप्लायर का पता नहीं बताने पर नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना भखारा थाना क्षेत्र के भेंडरवानी गांव की है, जहां दो नशेड़ी युवकों ने एक किशोर को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक नाबालिग से गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति का पता पूछ रहे थे। किशोर द्वारा जानकारी देने से इनकार करने पर दोनों युवक भड़क गए और अपने पास मौजूद चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों में से एक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घायल किशोर को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर चिंता जताते हुए गांजा तस्करों और नशे के आदी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।