भिलाईनगर। स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में नाबालिग को धमकाकर उसके मामा और मां के घर से सोने के जेवर चोरी करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कांग्रेस पार्षद के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से दोनों मामलों में करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के अनुसार, दुर्गानगर जुनवानी रोड निवासी मोहम्मद मोहसीन खान (32) ने 9 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब 2-3 महीने पहले उसके 17 वर्षीय भांजे को अनुराग कुर्रे और उसके साथियों ने धमकाकर घर से सोने के जेवर लाने के लिए मजबूर किया।
धमकाकर नाबालिग से करवाते थे चोरी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर उसके मामा के घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की बाली और एक सोने का मंगलसूत्र चोरी करवाया। नाबालिग की मां शाहीन परवीन ने भी स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के अनुसार, नाबालिग ने अपने घर से एक जोड़ी सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र और दो सोने की अंगूठियां चोरी कर अनुराग कुर्रे को दे दी थीं।
ऑनलाइन बेटिंग की आदत डालने का भी आरोप
पुलिस ने जांच के दौरान तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी के जेवर बरामद किए। पुलिस के अनुसार, अनुराग कुर्रे पर नाबालिग को ऑनलाइन बेटिंग एप पर पैसे लगाने की आदत डालने का भी आरोप है।
पुलिस ने मामले में वार्ड नंबर-6 के कांग्रेस पार्षद रविशंकर कुर्रे के बेटे अनुराग कुर्रे (32), करन सोनी (25) और रोहित गुप्ता (23) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।





