September 6, 2026

‘मिर्जापुर द मूवी’ का पहला गाना ‘दो नंबरी’ रिलीज, ट्रेलर 11 अगस्त को होगा लॉन्च

मुंबई। ओटीटी की लोकप्रिय क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘मिर्जापुर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। वेब सीरीज के तीन सफल सीजन के बाद मेकर्स ‘मिर्जापुर द मूवी’ लेकर आ रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर 11 अगस्त को रिलीज होगा। इससे पहले मेकर्स ने फिल्म का पहला गाना ‘दो नंबरी’ जारी कर दिया है, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।

ढांडा न्योलीवाला ने दी आवाज

‘दो नंबरी’ गाने को मशहूर हिप-हॉप आर्टिस्ट ढांडा न्योलीवाला (प्रवीण ढांडा) ने अपनी आवाज दी है। उन्होंने न सिर्फ यह गाना गाया है, बल्कि इसके बोल लिखने और संगीत तैयार करने की जिम्मेदारी भी निभाई है। गाने का रफ-टफ अंदाज और दमदार बीट्स मिर्जापुर की दुनिया के माहौल से मेल खाते हैं।

वीडियो में दिखी पुराने किरदारों की झलक

गाने के म्यूजिक वीडियो में दिव्येंदु शर्मा (मुन्ना भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित) और पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया) अपने चर्चित किरदारों में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा शुभ्रज्योति बारट भी रति शंकर शुक्ला के किरदार में दिखाई देते हैं, जिससे फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

नई स्टारकास्ट से बढ़ा रोमांच

फिल्म में इस बार रवि किशन की नई एंट्री हुई है। वहीं ‘पंचायत’ से लोकप्रिय हुए जितेंद्र कुमार फिल्म में बबलू पंडित की भूमिका निभाएंगे। इस किरदार को वेब सीरीज में विक्रांत मैसी ने निभाया था। इसके अलावा अभिनेत्री सोनल चौहान भी फिल्म का हिस्सा बनी हैं, जिनकी एंट्री कहानी में नया मोड़ ला सकती है।

11 अगस्त को ट्रेलर, 4 सितंबर को रिलीज

फिल्म का टीजर 25 जून को रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। अब 11 अगस्त को ट्रेलर रिलीज होगा, जबकि ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वेब सीरीज की जबरदस्त लोकप्रियता के बाद अब फैंस को उम्मीद है कि फिल्म भी बड़े पर्दे पर वही भौकाल कायम करेगी।