कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विश्वेसर पटेल के साथ बदसलूकी और हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। कार और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद में दो युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और पत्थर उठाकर हमला करने का प्रयास किया। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके की है।
जानकारी के अनुसार, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त विश्वेसर पटेल जिला मुख्यालय कवर्धा से अपने गृहग्राम रोहरा लौट रहे थे। इस दौरान उनकी कार में चालक भी मौजूद था। रास्ते में पीछे से आ रही एक बाइक उनकी कार से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और पत्थर उठाकर हमला करने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच में दोनों युवक नशे की हालत में पाए गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और कानूनी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे चल रही बाइक के टकराने की बात सामने आई है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और गाली-गलौज हुई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।





