July 28, 2026

मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने CM साय से की मुलाकात, महिला सशक्तिकरण पहल की सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज विधानसभा में मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान अनुष्का ने राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

अनुष्का सोन ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर विशेष सत्र आयोजित करना एक प्रेरणादायक पहल है। इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बताया कि वे विधानसभा की कार्यवाही को सुनने विशेष रूप से पहुंची थीं और यह अनुभव उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझना उनके लिए एक नई सीख रही है, जिससे वे समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए और प्रोत्साहित कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एक सशक्त और जागरूक समाज का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस तरह की पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करेंगी और उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे आने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने नई पीढ़ी की बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अनुष्का सोन को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे।