July 23, 2026

Mohla News: मासूम को रौंदने के बाद ट्रक लेकर भागा चालक, दो बैरिकेड तोड़कर फरार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा सामने आया। गुंडरदेही गांव के पास सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को पकड़ने के लिए मोहला और मानपुर थाना क्षेत्र में बैरिकेडिंग की। हालांकि आरोपी चालक ने ट्रक नहीं रोका और दो जगह पुलिस बैरिकेड्स तोड़ते हुए महाराष्ट्र सीमा की ओर भाग निकला। इस दौरान बैरिकेड्स पर तैनात पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

घेराबंदी कर चालक को किया गिरफ्तार

पुलिस लगातार ट्रक का पीछा करती रही। भागने के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया। इसके बाद कोरकोट्टी गांव के पास पुलिस ने चालक को पकड़ लिया। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है।

नशे की जांच, आगे होगी कार्रवाई

पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय चालक नशे की हालत में था या नहीं। जांच के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में आक्रोश, चक्काजाम की स्थिति

हादसे में मासूम की मौत के बाद गुंडरदेही गांव में लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।