मोहला-मानपुर।
छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल बस की चपेट में आने से दो साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश तथा स्कूल प्रबंधन की ओर से 5 लाख रुपये मुआवजा देने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
बस रिवर्स करते समय हुआ हादसा
घटना मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया की है। जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची युवानसी नरेटी अपने भाई को फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस तक छोड़ने परिजनों के साथ गई थी। इसी दौरान बस चालक ने वाहन रिवर्स किया और मासूम उसकी चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्कूल बस को जब्त कर खड़गांव थाना ले गई।
5 लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति
घटना से नाराज ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की। बाद में स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने मृतक बच्ची के परिजनों को दो माह के भीतर 5 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
एडिशनल एसपी डीसी पटेल ने कहा कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर मुआवजे की राशि नहीं दी गई तो स्कूल के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।





