मोहला-मानपुर।
मोहला-मानपुर जिले में स्कूल बस की चपेट में आने से दो साल की मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।
स्कूल बस की चपेट में आई मासूम
घटना मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोटिया की है। जानकारी के अनुसार, फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेने गांव पहुंची थी। इसी दौरान दो वर्षीय युवानसी नरेटी बस की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेज दिया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत शुरू की है और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं फरार बस चालक की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





