मोहला-मानपुर। जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत खरदी गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पंडाल में लगा एक चालू पंखा अचानक ब्लास्ट होकर जलने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में जिला कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। सुशासन तिहार के तहत लगाए गए इस शिविर की जिम्मेदारी नोडल आबकारी विभाग के पास थी। कार्यक्रम के दौरान अचानक पंखे से धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में उसमें ब्लास्ट हो गया, जिससे आग भड़क उठी।

स्थिति बिगड़ते देख मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी और विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य बिजली सप्लाई काट दी। समय रहते बिजली बंद किए जाने से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर कार्यक्रम को सामान्य रूप से आगे बढ़ाया गया। प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं।





