March 4, 2026

मोहला : 10 फरवरी को मिनी स्टेडियम में 137 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह, सीएम विष्णुदेव साय देंगे आशीर्वाद

महिला एवं बाल विकास विभाग की फ्लैगशिप योजना मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 10 फरवरी 2026 को मिनी स्टेडियम, मोहला में जिले के तीनों विकासखंडों के कुल 137 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें मोहला विकासखंड से 46, मानपुर से 55 तथा अंबागढ़ चौकी से 36 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।

कार्यक्रम में सभी जोड़ों का विवाह हिन्दू रीति-रिवाज एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक, वर-वधु के परिजन तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि जोड़ों एवं उनके परिजनों को सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

प्रदेश स्तर पर यह आयोजन रायपुर सहित सभी जिलों में एक साथ किया जा रहा है। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर में आयोजित मुख्य समारोह से प्रातः 11:30 बजे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा 50 हजार रुपये व्यय का प्रावधान है। इसमें से 35 हजार रुपये का चेक वधु को प्रदान किया जाएगा। शेष राशि में से 7 हजार रुपये श्रृंगार सामग्री (चांदी का मंगलसूत्र, बिछिया, साड़ी, कुर्ता-पायजामा आदि) तथा 8 हजार रुपये पंडाल, माइक, भोजन, सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाएंगे।

सामूहिक विवाह का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और अनावश्यक खर्चों को कम करना है। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।