July 31, 2026

गोबर पेंट बना मुसीबत! 12 लाख का माल नहीं बिका, कर्ज में डूबा महिला स्व-सहायता समूह

मोहला-मानपुर। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार मिशन (NRLM) योजना के तहत गोबर पेंट निर्माण का कार्य शुरू करने वाली मोहला-मानपुर जिले की पदम महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं आज आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। महिलाओं का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों के भरोसे उन्होंने बैंक से ऋण लेकर करीब 12 लाख रुपये का गोबर पेंट तैयार किया, लेकिन बिक्री नहीं होने से पूरा स्टॉक रीपा (रूरल इंडस्ट्रियल पार्क) केंद्र में पड़ा हुआ है।

महिलाओं के अनुसार शुरुआती दौर में करीब 3.50 लाख रुपये का पेंट बिका, लेकिन अब तक केवल 50 हजार रुपये का ही भुगतान मिला है, जबकि लगभग 3 लाख रुपये का भुगतान अभी भी बकाया है। बिक्री ठप होने के कारण समूह बैंक के कर्ज के बोझ तले दब गया है।

समूह का कहना है कि अधिकारियों ने सरकारी कार्यालयों में गोबर पेंट की खरीद का भरोसा दिया था, लेकिन अब कोई उनकी सुध लेने नहीं पहुंच रहा। मामले में जिला पंचायत की सीईओ ने महिलाओं को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है, हालांकि प्रभावित महिलाओं को अब भी अपने उत्पाद की बिक्री और बकाया भुगतान का इंतजार है।