जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नकली नोट चलाने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी देशी शराब दुकान में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने पहुंचा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद हुए, जिनका सीरियल नंबर भी एक जैसा पाया गया।
शराब खरीदने पहुंचा था आरोपी
मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। 20 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक देशी मदिरा दुकान अकलतरा में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी में मिले चार नकली नोट
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे निवासी ग्राम दोमुहानी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए गए।
बैंक जांच में नोट निकले फर्जी
बरामद नोटों की जांच तत्काल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, अकलतरा शाखा में कराई गई। जांच में चारों नोट नकली पाए गए। इतना ही नहीं, सभी नोटों का सीरियल नंबर भी एक ही मिला, जिससे स्पष्ट हो गया कि वे जाली नोट हैं।
रायपुर से लाने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक नकली नोट कैसे पहुंचे और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





