नई दिल्ली। देश और दुनिया में गुरुवार, 4 जून को कई अहम घटनाक्रम चर्चा में रहे। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवारों की सूची जारी की, आईटी कंपनी विप्रो में धर्मांतरण और उत्पीड़न के आरोपों ने नया विवाद खड़ा किया, वहीं ललित मोदी के बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी। दूसरी ओर केरल में मानसून की एंट्री हुई और अमेरिका में ईरान मुद्दे पर डोनाल्ड ट्रंप को राजनीतिक झटका लगा।
1. राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
राज्यसभा की 26 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने पहली सूची में 4 राज्यों की 12 सीटों के लिए उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस ने 5 राज्यों की 7 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। चुनावी समीकरणों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
2. TCS के बाद Wipro में धर्मांतरण और उत्पीड़न के आरोप
नासिक टीसीएस विवाद के बाद अब पुणे स्थित विप्रो में भी धर्मांतरण और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के आरोप सामने आए हैं। पूर्व महिला कर्मचारी ने अपने मुस्लिम सहकर्मी पर धार्मिक दबाव बनाने, भेदभाव करने और नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। मामले में कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
3. ललित मोदी का सोनिया गांधी और शशि थरूर पर बड़ा दावा
आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने 2010 के कोच्चि टस्कर्स विवाद को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि उस समय शशि थरूर को बचाने के लिए कांग्रेस नेतृत्व और तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी सक्रिय हुई थीं। उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
4. केरल पहुंचा मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देशभर में मानसून का इंतजार खत्म हो गया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल और तमिलनाडु में दस्तक दे दी है। अगले सात दिनों तक केरल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो चुका है।
5. ईरान मुद्दे पर ट्रंप को अमेरिकी संसद से झटका
अमेरिकी संसद में एक प्रस्ताव पारित हुआ है, जिसका उद्देश्य ईरान के खिलाफ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य कार्रवाई की शक्तियों को सीमित करना है। प्रस्ताव में कांग्रेस की मंजूरी के बिना युद्ध जैसी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाने की मांग की गई है। इसे ट्रंप के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
अन्य प्रमुख खबरें
राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने विदेश नीति और आर्थिक मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि भारत की विदेश नीति पर अमेरिका का प्रभाव बढ़ गया है और सरकार ने अमेरिकी दबाव के सामने झुकाव दिखाया है।
Caramelo Dog को लेकर ब्राजील और मेक्सिको में विवाद
ब्राजील की पहचान माने जाने वाले कैरामेलो डॉग को लेकर ब्राजील और मेक्सिको के बीच सांस्कृतिक विवाद छिड़ गया है। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक स्तर तक बहस तेज हो गई है।
India-US Trade Deal पर जल्द हो सकता है समझौता
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के बाद भारत में अमेरिकी राजदूत ने भी संकेत दिए हैं कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अगले कुछ सप्ताह में अंतिम रूप ले सकता है। दोनों देशों के अधिकारी लंबित मुद्दों पर बातचीत कर रहे हैं।





