नई दिल्ली। अगर आप दिन की शुरुआत देश-दुनिया की बड़ी खबरों के साथ करना चाहते हैं, तो यहां पढ़िए सोमवार (6 जुलाई 2026) की प्रमुख सुर्खियां। राजनीति, सुरक्षा, मौसम और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी बड़ी खबरें एक नजर में…
1. पीएम मोदी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम ने उन्हें राष्ट्रवाद, त्याग और जनसेवा का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने भारत की एकता, शिक्षा, औद्योगिक विकास और अखंड भारत के संकल्प के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया।
2. मुंबई में बारिश का कहर, स्कूल-कॉलेज बंद
महाराष्ट्र में लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। मुंबई, पुणे और आसपास के इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बनी रही। रेड अलर्ट के बीच प्रशासन ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। मुंबई में सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूल-कॉलेजों में सोमवार को अवकाश घोषित किया गया।
3. पहलगाम आतंकी हमले में NIA का बड़ा खुलासा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में लश्कर-ए-तैयबा सरगना हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी ने उसे 22 अप्रैल 2025 को हुए हमले का मास्टरमाइंड बताते हुए भारत के खिलाफ आतंकी साजिश रचने का आरोपी बनाया है।
4. NATO बैठक से पहले रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला
NATO शिखर सम्मेलन से पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया। हमले में कई लोगों की मौत और बड़ी संख्या में घायल होने की खबर है। हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
5. ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस तैनाती पर सियासत
दक्षिण 24 परगना में नाबालिग बच्ची का शव मिलने के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बरुईपुर जाने के ऐलान से पहले ममता बनर्जी के आवास के बाहर केंद्रीय बलों की तैनाती को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
अन्य बड़ी खबरें
- नेतन्याहू का बयान: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को इजरायल के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक बताया।
- करूर भगदड़ मामला: तमिलनाडु के चर्चित करूर भगदड़ मामले में सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को सुनवाई करेगा।
- केतन अग्रवाल हत्याकांड: जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने वारदात से पहले इंटरनेट पर चर्चित हत्याकांडों और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी जानकारी सर्च की थी।
- चुनाव आयोग का SIR अभियान: ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 22 लाख से अधिक नाम हटाए गए। आयोग ने दोबारा नाम जुड़वाने का अवसर देने की बात कही है।
- मणिपुर में उग्रवादी हमला: उखरूल जिले में 40 असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला किया गया, जिसमें दो जवान शहीद हो गए।
- श्रीलंका की जेल में हिंसा: कोलंबो के पास हाई सिक्योरिटी जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प में 4 गार्ड और 19 कैदियों की मौत, 100 से अधिक लोग घायल हुए।





