July 23, 2026

मॉर्निंग न्यूज : सिद्धारमैया का इस्तीफा, ट्रंप की ओमान को धमकी, पाक रक्षा मंत्री बोले- मेरे पूर्वज हिंदू थे

मॉर्निंग न्यूज (28 मई 2026): कल की बड़ी खबरों में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओमान को चेतावनी, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बयान और टीएमसी सांसद काकोली घोष द्वारा कल्याण बनर्जी पर लगाए गए गंभीर आरोप चर्चा में रहे।

  1. कर्नाटक CM सिद्धारमैया का इस्तीफा

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जहां उनके साथ डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे। इससे पहले सिद्धारमैया ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ ब्रेकफास्ट मीटिंग की, जिसमें उन्होंने सरकार के तीन साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया और सहयोगियों का धन्यवाद किया। इसी बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का ऐलान किया।

  1. पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ बोले- मेरे पूर्वज हिंदू थे

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के एक बयान ने वहां नई बहस छेड़ दी है। भारत और हिंदुओं के खिलाफ अक्सर बयानबाजी करने वाले ख्वाजा आसिफ ने कहा कि उनके पूर्वज हिंदू थे। उनके इस बयान के बाद पाकिस्तान में इतिहास और पहचान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

  1. ट्रंप ने ओमान को धमकाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ओमान को सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि दुनिया के इस अहम जलमार्ग पर किसी एक देश को नियंत्रण की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र है और यदि किसी देश ने इस पर कब्जे की कोशिश की तो अमेरिका कड़ा जवाब देगा।

  1. TMC सांसद काकोली घोष का कल्याण बनर्जी पर गंभीर आरोप

तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। टीएमसी सांसद काकोली घोष ने उन पर लोकसभा के भीतर दुर्व्यवहार और अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। काकोली घोष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अनुमति मांगी है।

कल की कुछ और अहम खबरें:

घुसपैठियों को अमित शाह की चेतावनी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में बढ़ती घुसपैठ को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला। अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा कि अब हालात बदल चुके हैं और अवैध घुसपैठिए खुद वापस लौटने लगे हैं।

CBSE चेकिंग विवाद पर धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा बयान: ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गड़बड़ी के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

‘ट्रंप भैंसा’ की बांग्लादेश में नहीं हुई कुर्बानी: बकरीद से पहले बांग्लादेश में चर्चित ‘ट्रंप भैंसा’ की कुर्बानी रोक दी गई। करीब 700 किलो वजनी दुर्लभ सफेद भैंसे को पुलिस ने कब्जे में लेकर ढाका के राष्ट्रीय चिड़ियाघर भेज दिया।

बकरीद पर ईरान पर अमेरिका का हमला: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। बकरीद के दिन अमेरिकी सेना ने बंदर अब्बास स्थित ईरानी सैन्य ठिकानों पर हमले किए और चार ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया।