रायपुर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कल 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेशभर के 6 हजार 412 से अधिक नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यह विवाह विभिन्न धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगा।
मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का भी शुभारंभ करेंगे। अभियान के प्रथम चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत बस्तर संभाग से होगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर एवं सुकमा जिले शामिल हैं।
विधानसभा अध्यक्ष करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव, श्री विजय शर्मा, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
रायपुर में 1,316 जोड़ों का होगा विवाह
मुख्य कार्यक्रम साइंस कॉलेज मैदान में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा, जहां 1,316 जोड़ों का विवाह विभिन्न धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को —
- 35 हजार रुपये सीधे बैंक खाते में,
- तथा 15 हजार रुपये उपहार सामग्री एवं आयोजन व्यय हेतु प्रदान किए जाएंगे।
इस कार्यक्रम से बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद एवं राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे। शेष जिलों में जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विवाह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
विभिन्न परंपराओं से होंगे विवाह
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत —
- हिंदू रीति से 6,281,
- मुस्लिम रीति से 3,
- ईसाई रीति से 113,
- बौद्ध रीति से 5,
- तथा बैगा समुदाय के 10 जोड़े
विवाह सूत्र में बंधेंगे।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान कर रही है। यह वृहद आयोजन सामाजिक समानता, समरसता एवं जनकल्याणकारी शासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाता है।





