मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के दो विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता और पायलटों की सूझबूझ से संभावित टक्कर टल गई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AIX 1547 सिलीगुड़ी से मुंबई पहुंची थी। लैंडिंग के बाद विमान अभी रनवे पूरी तरह खाली नहीं कर पाया था कि तभी मुंबई से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI 816 उसी रनवे से टेकऑफ की तैयारी कर रही थी। दोनों विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आने से स्थिति बेहद गंभीर हो गई।
बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। जैसे ही ATC को स्थिति का अंदाजा हुआ, उसने तुरंत एयर इंडिया की दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का टेकऑफ रोकने का निर्देश दिया। समय रहते दी गई चेतावनी और पायलटों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद टेकऑफ के लिए तैयार विमान को वापस बे (Bay) में ले जाया गया।
एयर इंडिया ने कहा कि घटना के बाद विमान की स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के तहत आवश्यक जांच की जाएगी। साथ ही यात्रियों को उनकी मंजिल तक जल्द पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों की सुरक्षा और भलाई उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है कि आखिर दोनों विमान एक ही रनवे पर कैसे पहुंच गए और किस स्तर पर चूक हुई।
I prefer this response





