March 3, 2026

मुंगेली: 82 लाख की फंसी राशि पर कलेक्टर ने कड़ा रुख, 41 व्यावसायिक स्कूलों को कारण बताओ नोटिस

मुंगेली। समग्र शिक्षा के तहत सत्र 2025-26 के लिए जिले के 41 हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों को 2-2 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी थी, लेकिन महीनों तक राशि फाइलों में उलझी रहने से छात्र आवश्यक संसाधनों से वंचित रहे।

मामला उजागर होने के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने शिक्षा विभाग की बैठक में अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और सह जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा ने 41 विद्यालयों के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

नोटिस में कहा गया कि कई स्कूलों ने वास्तविक जरूरत का समुचित आकलन किए बिना कार्ययोजना भेजी और कुछ प्रस्ताव समग्र शिक्षा की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं थे। प्राचार्यों को दो दिन के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिलने या संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

इस राशि का उपयोग ए-4 पेपर, लैब मरम्मत, उपकरण सुधार, इंटरनेट बिल, प्रयोगात्मक सामग्री और करियर गाइडेंस जैसी आवश्यक मदों में होना था। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि एसडीएम की अध्यक्षता में बीईओ और बीआरसी की टीम प्रत्येक विद्यालय की समीक्षा कर संशोधित और यथार्थपरक कार्ययोजना तैयार करेगी।

अब प्रशासन की निगरानी में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राशि छात्रों तक तेजी से पहुंचे और उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।