रायपुर। छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने मुंगेली जिले के पथरिया तहसील अंतर्गत ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत सरकार के मिनीरत्न उपक्रम BEML (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) के भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र की स्थापना का निर्णय लिया है।
राज्य मंत्रिपरिषद ने ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थित 79.70 एकड़ शासकीय भूमि को रियायती दर पर BEML को आवंटित करने का फैसला किया है। यह क्षेत्र बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। परियोजना को मुंगेली के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश का पहला हैवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट प्लांट
प्रस्तावित BEML संयंत्र छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ-मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा। यहां खनन और निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक भारी मशीनों का निर्माण किया जाएगा। इससे राज्य को देश के औद्योगिक और विनिर्माण क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
परियोजना के शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। संयंत्र में तकनीकी, उत्पादन और प्रशासनिक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही आसपास परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सर्विस और अन्य छोटे व्यवसायों के विस्तार की संभावना भी है।
MSME और सहायक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
BEML जैसे बड़े औद्योगिक उपक्रम की स्थापना से क्षेत्र में MSME, मशीन पार्ट्स निर्माण, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन और सर्विसिंग से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिल सकता है। इससे मुंगेली में एक मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित होने की संभावना है।
तकनीकी कौशल विकास पर भी जोर
संयंत्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रक्रियाओं से जुड़ा प्रशिक्षण मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार होगा और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग से कनेक्टिविटी का मिलेगा लाभ
ग्राम चंद्रगढ़ी का चयन रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग से कनेक्टिविटी होने के कारण भारी मशीनरी के परिवहन और लॉजिस्टिक्स में सुविधा मिल सकती है। इससे भविष्य में अन्य निवेशकों के लिए भी यह क्षेत्र आकर्षक बन सकता है।
मुंगेली के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई दिशा
BEML संयंत्र की स्थापना से मुंगेली में बड़े निवेश की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है। इंजीनियरिंग, निर्माण, व्यापार और सेवा क्षेत्र से जुड़े नए उद्योगों के विकास का रास्ता खुल सकता है।
राज्य सरकार का कहना है कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने, स्थानीय रोजगार बढ़ाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है।





