March 4, 2026

मुंगेली: बिहान योजना से महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर

मुंगेली, 10 फरवरी 2026: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में विकासखण्ड लोरमी के ग्राम खपरीडीह निवासी श्रीमती पंचबाई साहू ने बिहान योजना से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में सफलता प्राप्त की है।

बिहान योजना से पहले पंचबाई साहू की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। परिवार की दैनिक आवश्यकताओं के लिए उन्हें उच्च ब्याज दर पर साहूकारों से ऋण लेना पड़ता था। आर्थिक निर्भरता के कारण परिवार की बुनियादी जरूरतें अधूरी रहती थीं और आत्मसम्मान पर भी प्रभाव पड़ता था।

श्रीमती पंचबाई ने बताया कि माँ सरस्वती महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से उन्हें वित्तीय साक्षरता, सामूहिक सहयोग और व्यवसायिक मार्गदर्शन मिला। व्यवसाय शुरू करने हेतु उन्हें रिवॉल्विंग फंड से 15 हजार रुपये, बैंक ऋण 1.5 लाख रुपये और 60 हजार रुपये सीआईएफ राशि प्राप्त हुई। इसके साथ ही समूह से अतिरिक्त 30 हजार रुपये का सहयोग भी मिला।

प्राप्त राशि से उन्होंने फर्नीचर दुकान की शुरुआत की। परिश्रम, योजना और समूह सहयोग से उनका व्यवसाय निरंतर विकसित हुआ। आज उनकी मासिक आय लगभग 2.5 से 3 लाख रुपये तक पहुँच चुकी है। इससे उनके बच्चों की शिक्षा बेहतर हुई और जीवन स्तर में सुधार आया।

श्रीमती पंचबाई साहू आज केवल स्वयं सफल नहीं हैं, बल्कि ग्राम की अन्य महिलाओं को भी समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।