मुंगेली। मुंगेली जिले में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब BJP मंडल अध्यक्ष की महिंद्रा XUV300 कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार, BJP मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप की कार से भाजपा कार्यकर्ता बृंदावल की ओर जा रहे थे, जहां प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव का कार्यक्रम प्रस्तावित था। जैसे ही वाहन अखरार के पास पहुंचा, कार से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
समय रहते बाहर निकले सवार
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कार में सवार तीनों व्यक्ति तत्काल वाहन से बाहर निकल आए। यदि कुछ क्षण की भी देरी होती, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। आग इतनी तेज़ी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, हालांकि तब तक वाहन को भारी नुकसान हो चुका था।
नई खरीदी गई थी कार
बताया जा रहा है कि यह महिंद्रा XUV300 कार पिछले दीवाली पर ही खरीदी गई थी। अचानक हुए इस हादसे से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्राथमिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
दिनेश कश्यप ने जताया आभार
घटना के बाद दिनेश कश्यप ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह ईश्वर की कृपा रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि वे डिप्टी सीएम के साथ आगे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए थे, जबकि उनकी कार में तीन अन्य साथी सवार थे।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी आग लगने के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





