March 3, 2026

मुंगेली में ‘ऑपरेशन बाज’ की बड़ी कार्रवाई: भाजपा पार्षद समेत 5 गिरफ्तार, 53 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त

मुंगेली। भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा पार्षद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नगर पंचायत जरहागांव वार्ड नंबर 4 (मां महामाया वार्ड) के पार्षद लोकेश उर्फ लक्की कश्यप भी शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत थाना जरहागांव क्षेत्र में 1 मार्च को यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल एवं थाना जरहागांव की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना पर शमशान घाट के पास घेराबंदी कर रेड की।

मौके से बरामद सामग्री

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.65 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा—

  • 6 मोबाइल फोन (लगभग ₹50,000)
  • होंडा साइन मोटरसाइकिल CG 28 P 1199 (लगभग ₹65,000)
  • 1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (लगभग ₹1,000)

कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3.81 लाख रुपये आंकी गई है।

नैनी प्रयागराज से लाकर करते थे सप्लाई

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह उत्तरप्रदेश के नैनी प्रयागराज से नगद और ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर लाता था और साथियों के साथ स्थानीय स्तर पर इसकी बिक्री करता था। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

थाना जरहागांव में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • समीर कश्यप (24 वर्ष)
  • सियाराम कश्यप (25 वर्ष)
  • विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष)
  • लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष)
  • रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष)

एसएसपी भोजराम पटेल ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।