May 16, 2026

मुंगेली में विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

मुंगेली जिले में चल रहे निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति का जायजा लेने कलेक्टर कुन्दन कुमार ने नगर पालिका क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और समयसीमा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का निरीक्षण करते हुए उसकी ड्राइंग, डिजाइन और लागत का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के अन्य उत्कृष्ट स्विमिंग पूलों का अध्ययन कर इसे आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक बनाया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके। वहीं गौरव पथ निर्माण कार्य की धीमी गति और कार्य रुकने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

नालंदा परिसर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे जिले के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह परिसर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेगा और इससे भविष्य में जिले से आईएएस और आईपीएस जैसे उच्च पदों पर चयन की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही नए नगरपालिका भवन के लिए चिन्हांकित स्थल का निरीक्षण कर उन्होंने निर्देश दिए कि भवन का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाए।

मुंगेली प्रवेश द्वार की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता में सुधार के साथ आसपास की सड़कों को भी दुरुस्त करने के आदेश दिए। इसके अलावा शहर में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने दोहराया कि जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।