मुंगेली।
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत विभाग की संयुक्त टीम ने शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया।
बिरयानी सेंटर में ग्राहक बनकर पहुंची टीम
मुंगेली बस स्टैंड के पास स्थित एक बिरयानी सेंटर में आबकारी विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान वहां अवैध रूप से शराब बिक्री की पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर तत्काल कार्रवाई की गई।
टीम ने 18 पाव गोवा व्हिस्की (कुल 3.24 बल्क लीटर) शराब जब्त की और संचालक के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया।
कई स्थानों पर भी हुई कार्रवाई
कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आबकारी विभाग ने जिले के अन्य क्षेत्रों में भी दबिश दी।
जवाहर वार्ड में एक मकान पर कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में शराब और अन्य सामग्री जब्त की गई। इस मामले में संबंधित व्यक्ति पर धारा 36(क) के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं सुरीघाट क्षेत्र में एक घर से अवैध शराब बरामद होने पर भी इसी धारा के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
चेकिंग अभियान तेज
अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और वाहनों की सघन जांच भी की। हालांकि इस दौरान किसी वाहन से अवैध शराब बरामद नहीं हुई।
128 मामले दर्ज
जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रवींद्र पांडेय के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 128 आबकारी प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं, जो विभाग की सक्रियता को दर्शाता है।
मुख्य मार्ग के चखना सेंटरों पर सवाल
कार्रवाई के बाद अब मुख्य मार्ग पर संचालित कई चखना सेंटरों और ढाबों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन स्थानों पर लंबे समय से अवैध शराब बिक्री और खुलेआम सेवन की शिकायतें मिलती रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे केंद्रों के कारण न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
आगे भी कार्रवाई जारी
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने कहा है कि शिकायत मिलने पर तुरंत जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।





