May 14, 2026

गौसेवा आंदोलन उग्र, कलेक्ट्रेट गेट पर मवेशी बांधकर प्रदर्शन; हाईवे जाम, पुलिस की कार्रवाई

मुंगेली। गौसेवा से जुड़ी मांगों को लेकर शुक्रवार को शुरू हुआ आंदोलन देखते ही देखते उग्र रूप ले गया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट पर मवेशी बांधकर विरोध जताया, जो बाद में चक्काजाम और नेशनल हाईवे जाम तक पहुंच गया।

सुबह करीब 9 बजे से प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे और प्रतीकात्मक विरोध शुरू किया। इस दौरान कुछ घायल और बीमार मवेशियों को भी परिसर में लाया गया, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि तीन महीने पहले भूख हड़ताल के बाद प्रशासन ने स्थायी गौशाला, पशु चिकित्सालय और एम्बुलेंस सेवा जैसी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बातचीत से नहीं निकला हल, सड़क पर उतरा प्रदर्शन
धरना स्थल पर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट से निकलकर मुख्य सड़क और नेशनल हाईवे पर बैठ गए, जिससे बिलासपुर–मुंगेली मार्ग पर लंबा जाम लग गया।

आम नागरिकों को घंटों तक परेशानियों का सामना करना पड़ा और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस की कार्रवाई, कई पर केस दर्ज
स्थिति बिगड़ने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सख्ती दिखाई। चक्काजाम और मार्ग अवरोध के आरोप में करीब डेढ़ दर्जन लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है, जबकि तीन प्रमुख प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों की पहचान कर आगे कार्रवाई की जाएगी।