March 5, 2026

मुंगेली: सरकारी खाते से 26.87 लाख रुपये की हेराफेरी, बैंक कर्मचारी निलंबित

मुंगेली: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरकारी खजाने से लगभग 26.87 लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। यह घोटाला कलेक्ट्रेट के पर्यावरण अधोसंरचना विकास उपकर खाते से हुआ। मामले के खुलासे के बाद जिला प्रशासन और बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंगेली शाखा की है। अपर कलेक्टर जीएल यादव द्वारा बैंक को जारी नोटिस के बाद पता चला कि खाते से हुए लेन-देन कलेक्ट्रेट कार्यालय द्वारा अधिकृत नहीं थे। बैंक ने स्वीकार किया कि उनके कर्मचारी टिकेश कुमार ने आंतरिक वाउचर के जरिए अधिकारियों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग कर अनाधिकृत रूप से राशि निकाली

मामला उजागर होते ही बैंक ने गबन की गई पूरी राशि वापस खाते में जमा करा दी। आरोपी कर्मचारी का जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया और रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा आंतरिक जांच बिठाई गई। हालांकि, जिला प्रशासन बैंक के इस जवाब से संतुष्ट नहीं है और माना जा रहा है कि शासकीय राशि की सुरक्षा में यह गंभीर लापरवाही है।

अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में बैंक प्रबंधन और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले के दस्तावेजों की अंतिम जांच जारी है।