मुंगेली। कभी छोटे और सामान्य मामलों में भी मरीजों को बड़े शहरों के लिए रेफर करने वाला जिला चिकित्सालय मुंगेली अब तेजी से अपनी तस्वीर बदल रहा है। सीमित संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के बावजूद जिला अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और आज यह अस्पताल न केवल जिले बल्कि आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए भरोसे का केंद्र बन चुका है।
स्वास्थ्य सूचकांकों में प्रदेश में बड़ी उपलब्धि, ‘अचीवर्स’ श्रेणी में शामिल जिला
कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की टीमवर्क के परिणामस्वरूप मुंगेली जिला 2025-26 में स्वास्थ्य सेवाओं के 50 प्रमुख सूचकांकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के श्रेष्ठ जिलों में शामिल हुआ है। छत्तीसगढ़ शासन की ‘स्वास्थ्यांक’ ग्रेडिंग में जिले को ‘अचीवर्स’ श्रेणी प्राप्त हुई है, जिसे प्रशासन ने बड़ी उपलब्धि बताया है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में रिकॉर्ड प्रदर्शन, टीकाकरण में प्रदेश में प्रथम स्थान
जिले में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन में 98 प्रतिशत और संस्थागत प्रसव में लगभग 99.98 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। यूनिवर्सल टीकाकरण कार्यक्रम में 103 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इसके बावजूद सीमित विशेषज्ञ संसाधनों के बीच यह प्रदर्शन स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता को दर्शाता है।
चिरायु दल की सक्रियता से बच्चों की स्क्रीनिंग लगभग शत-प्रतिशत
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिरायु दल ने 99.6 प्रतिशत स्कूलों का भ्रमण कर बच्चों की स्वास्थ्य जांच की है। चिन्हित बीमार बच्चों का लगभग 99.9 प्रतिशत उपचार सुनिश्चित किया गया, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
टीबी नियंत्रण और मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम में भी बेहतर प्रदर्शन
टीबी मरीजों के नोटिफिकेशन में जिले ने 91.7 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। उपचार सफलता दर 97 प्रतिशत रही है। वहीं मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग में जिले ने 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर अपनी मजबूत स्थिति दिखाई है।

ICU सेवा से गंभीर मरीजों को मिल रहा जीवनदान, 80% सक्सेस रेट
जिला चिकित्सालय में पिछले एक वर्ष से संचालित अत्याधुनिक ICU यूनिट ने हजारों गंभीर मरीजों को जीवनदान दिया है। ICU का सक्सेस रेट लगभग 80 प्रतिशत बताया गया है, जिसे किसी भी बड़े अस्पताल के समकक्ष प्रदर्शन माना जा रहा है।
डायलिसिस और आधुनिक सुविधाओं में भी बड़ा सुधार
जिले में डायलिसिस सत्रों में 147 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है और 52 किडनी मरीजों को निःशुल्क सेवा दी जा रही है। इसके अलावा कम दर पर सीटी स्कैन, नवजात शिशु देखभाल इकाई और फिजियोथेरेपी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयुष्मान, आभा आईडी और टेली-कंसल्टेशन में तेज प्रगति
जिले में 95.50 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड और लगभग 92 प्रतिशत आभा आईडी निर्माण पूरा किया गया है। टेली-कंसल्टेशन सुविधा में भी 78 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को विशेषज्ञ परामर्श मिल रहा है।
हीटवेव प्रबंधन में प्रशासन की पहल
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी शासकीय अस्पतालों में ORS कॉर्नर और हीटवेव प्रबंधन व्यवस्था की गई है। साथ ही जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को लू से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।
मुंगेली जिले की यह उपलब्धि दर्शाती है कि बेहतर प्रशासनिक निगरानी, टीमवर्क और सतत सुधार के माध्यम से सीमित संसाधनों में भी स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाया जा सकता है।





