मुंगेली। मौसम विभाग (IMD) की ओर से अगले 48 से 72 घंटों के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद मुंगेली जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए शनिवार को जिले के सभी सरकारी, निजी एवं अनुदान प्राप्त स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 एवं 34 के तहत यह आदेश जारी किया।
कलेक्टर ने कहा कि संभावित भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़, मनियारी और शिवनाथ नदियों के जलस्तर में वृद्धि, राजीव गांधी खुड़िया जलाशय में भारी जल आवक और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका है। ऐसे में जनजीवन और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में नियमित कक्षाएं स्थगित रहेंगी, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। हालांकि सभी विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को स्कूल में उपस्थित रहकर भवन, अभिलेख और अन्य आवश्यक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर स्कूल भवनों का उपयोग अस्थायी राहत शिविर के रूप में भी किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने भी अलग से आदेश जारी कर सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि अवकाश का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिन विद्यालयों में सीपेज या सिलन की समस्या है, वहां के भवनों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित कर इसकी जानकारी तत्काल जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

राहत के लिए हेल्पलाइन जारी
भारी बारिश की आशंका के बीच सामाजिक संस्था ‘प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन’ भी राहत कार्यों के लिए आगे आई है। संस्था ने जरूरतमंद लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी करते हुए कहा है कि यदि किसी परिवार का राशन बारिश में खराब हो गया हो, मकान क्षतिग्रस्त हुआ हो या अन्य किसी प्रकार की आपात स्थिति हो, तो सहायता के लिए 9300711483 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।





