मुंगेली। मुंगेली जिले के अमलीकापा गांव में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के पास खेल रही 4 वर्षीय मासूम बच्ची खुले कुएं में गिर गई, जिससे पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है। मामला जरहागांव थाना क्षेत्र का है।
खेलते-खेलते हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्ची दोपहर के समय घर के पास खुले कुएं के आसपास खेल रही थी। पास में एक पेड़ पर बेल लगी हुई थी, जिसे तोड़ने की कोशिश में वह पेड़ की ओर झुकी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खुले कुएं में जा गिरी।
परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। आसपास के ग्रामीण भी मदद के लिए जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
गोताखोर टीम ने निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
एडिशनल एसपी मयंक तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बच्ची बेल तोड़ने के प्रयास में संतुलन खो बैठी और खुले कुएं में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौत हुई। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ महीने पहले पास के खेड़ा गांव में भी इसी तरह एक दर्दनाक घटना हुई थी, जहां कुएं के अंदर जहरीली गैस के रिसाव के कारण चाचा-भतीजे की मौत हो गई थी। इसके अलावा एक अन्य मामले में भी जहरीली गैस के कारण जान चली गई थी।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में खुले कुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले कुओं को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सुरक्षा को लेकर चिंता
ग्रामीण इलाकों में खुले कुएं आमतौर पर बिना चारदीवारी या ढक्कन के होते हैं, जिससे बच्चों और मवेशियों के लिए खतरा बना रहता है। इस घटना के बाद गांव के लोगों ने छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और खुले कुओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।





