July 23, 2026

Mungeli News: जरहागांव में BJP का बड़ा संदेश, समर्पित कार्यकर्ताओं को बनाया एल्डरमैन

मुंगेली। नगर पंचायत जरहागांव में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने ऐसा फैसला लिया है, जिसकी जिलेभर में चर्चा हो रही है। पार्टी ने इस बार किसी बड़े राजनीतिक चेहरे के बजाय वर्षों से संगठन के लिए निस्वार्थ भाव से काम करने वाले सतीश मशीह, महावीर यादव और चंद्रकांत वैष्णव को एल्डरमैन नियुक्त किया है। संगठन के इस निर्णय को जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

जनसंघ के समय से जुड़े रहे सतीश मशीह

नव-नियुक्त एल्डरमैनों में सबसे अधिक चर्चा सतीश मशीह की हो रही है, जो जनसंघ के दौर से पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। नियुक्ति से पहले उनके नाम की कोई चर्चा नहीं थी, ऐसे में सूची जारी होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया।

‘दर्री बिछाने से लेकर झंडा उठाने तक किया काम’

महावीर यादव और चंद्रकांत वैष्णव ने कहा कि उन्होंने हमेशा मंच से दूर रहकर संगठन को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने बताया कि वर्षों तक दर्री बिछाने से लेकर पार्टी का झंडा उठाने तक हर जिम्मेदारी निभाई। भाजपा में दोनों की पहचान मेहनती, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ताओं के रूप में रही है।

नगर पंचायत पहुंचते ही किया दंडवत प्रणाम

नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद तीनों एल्डरमैन पहली बार नगर पंचायत जरहागांव पहुंचे। यहां उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के मुख्य द्वार पर दंडवत होकर परिसर को प्रणाम किया और श्रीफल फोड़कर विधिवत प्रवेश किया। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया तथा भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

संगठन ने दिया कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह निर्णय उन हजारों कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है, जो बिना किसी पद या अपेक्षा के वर्षों से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का भी मानना है कि इस नियुक्ति के जरिए भाजपा ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि संगठन में समर्पण, निष्ठा और मेहनत का सम्मान होता है।

अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि तीनों नव-नियुक्त एल्डरमैन अपनी नई जिम्मेदारी निभाते हुए नगर पंचायत के विकास और जनहित के कार्यों में किस तरह की भूमिका निभाते हैं।