मुंगेली।
जिला मुख्यालय स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शीला साहा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन में कई खामियां पाए जाने पर नोटिस जारी कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुधार के निर्देश दिए गए हैं
कलेक्टर के निर्देश पर लगातार निगरानी
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लाइफ लाइन अस्पताल का निरीक्षण किया।
मरीजों और परिजनों से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान टीम ने आयुष्मान भारत योजना के तहत भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उपचार व्यवस्था, अस्पताल की सुविधाओं और योजना के लाभ को लेकर फीडबैक लिया गया।
दस्तावेजों और व्यवस्थाओं में मिली कमियां
जांच के दौरान अस्पताल में आयुष्मान योजना से संबंधित सूचना पट्टों की कमी, निर्धारित बेडों के सही चिन्हांकन का अभाव, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों में अनियमितता और अस्पताल संचालन से जुड़े कई मानकों में कमियां पाई गईं।
सुधार के निर्देश जारी
मरीजों से मिले फीडबैक और निरीक्षण में सामने आई कमियों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। साथ ही सभी खामियों को तय समय-सीमा के भीतर दूर करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्ती
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को बेहतर और पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





