September 4, 2026

मुंगेली पालिका अध्यक्ष ने पुराने स्कूल में बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन, निरीक्षण में सामने आई शिक्षकों और कमरों की कमी

रायपुर। मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला अपने पुराने स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण करने के साथ विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। इसी स्कूल में उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के दौरान पढ़ाई की थी। लंबे समय बाद उसी विद्यालय में अध्यक्ष की जिम्मेदारी के साथ लौटना उनके लिए भावुक और यादगार पल रहा।

जिला शिक्षा अधिकारी के साथ किया स्कूल का निरीक्षण

रोहित शुक्ला ने जिला शिक्षा अधिकारी एलपी डाहिरे के साथ विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भौतिकी और हिंदी विषय के व्याख्याताओं की कमी के साथ सहायक ग्रेड-3 और प्यून के रिक्त पदों को भरने की जरूरत पर चर्चा हुई।

विद्यालय के प्राचार्य विजय सोनी, संकुल समन्वयक सुशील जांगड़े सहित अन्य शिक्षक भी इस दौरान मौजूद रहे।

कमरों की कमी दूर करने बनेगा अतिरिक्त भवन

निरीक्षण में सामने आया कि कक्षा 6 से 12 तक विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण उपलब्ध अध्यापन कक्ष कम पड़ रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पालिका अभियंता ने अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए स्थल का निरीक्षण किया। जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की बात कही गई।

डीईओ ने बच्चों से पूछे 25 तक के पहाड़े

जिला शिक्षा अधिकारी एलपी डाहिरे ने कक्षा 6 के विद्यार्थियों से 25 तक के पहाड़े पूछे। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी पठन का भी परीक्षण किया गया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी शैक्षणिक स्थिति का जायजा लिया।

बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन

मध्यान्ह भोजन के समय नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला और जिला शिक्षा अधिकारी एलपी डाहिरे विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। भोजन से पहले भोजन मंत्र के बाद बच्चों को चावल, दाल, चना-आलू की सब्जी और अचार-पापड़ परोसा गया। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर चखना पंजी में भी प्रविष्टि दर्ज की गई।

पुराने स्कूल में निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के साथ भोजन करना रोहित शुक्ला के लिए खास अनुभव रहा। स्कूल की व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ यह पल उनके विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादों से भी जुड़ गया।