September 4, 2026

मुंगेली के 12वें कलेक्टर बने IAS अमृत विकास तोपनो, चार्ज संभालते ही किया औचक निरीक्षण

मुंगेली। आईएएस अमृत विकास तोपनो ने मुंगेली जिले के 12वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जिला कलेक्टोरेट पहुंचने पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

कार्यभार संभालने के बाद कलेक्टर ने जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं और विभिन्न विभागों के कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सकारात्मक सोच, आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर दिया।

चार्ज संभालते ही कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट के विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य, उद्योग, आबकारी, आदिवासी विकास, खनिज, विपणन, खेल, महिला एवं बाल विकास, श्रम, मत्स्य पालन और एनआईसी कक्ष समेत कई कार्यालयों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने विभागवार संचालित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों से यह भी पूछा कि शासन की योजनाओं का लाभ मैदानी स्तर पर पात्र हितग्राहियों तक किस तरह पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचे।

अब हर मंगलवार दोपहर 2 बजे होगा जनदर्शन

नवपदस्थ कलेक्टर के निर्देश के बाद कलेक्टर जनदर्शन के समय में बदलाव किया गया है। अब हर मंगलवार दोपहर 2 बजे जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन आयोजित होगा। इसमें जिले के नागरिक अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

आईएएस अमृत विकास तोपनो वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। वे इससे पहले सक्ती जिले के कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने संस्कृति विभाग के संचालक की जिम्मेदारी भी संभाली है। इसके अलावा अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा योजना से जुड़े विभागों में भी काम करने का अनुभव उनके पास है।

मुंगेली कलेक्टर के रूप में उनके सामने विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाओं को बेहतर बनाने की चुनौती होगी। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, अधोसंरचना, रोजगार और आजीविका संवर्धन समेत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को गति देना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।