July 23, 2026

मुंगेली के प्रभारी प्राचार्य पर गंभीर आरोप, कारण बताओ नोटिस के बाद भी पद पर कायम

मुंगेली। शासकीय हाई स्कूल प्रतापपुर में पदस्थ प्रभारी प्राचार्य मेघनाथ कोसरिया एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ की शिकायतों के बाद लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके बावजूद अब तक उन्हें प्रभारी पद से नहीं हटाए जाने पर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार “सुशासन तिहार 2025” के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों की जांच के बाद लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी पत्र में प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ कई गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है।

विभागीय पत्र के मुताबिक मेघनाथ कोसरिया पर वरिष्ठ व्याख्याता को प्रभार नहीं सौंपने, विद्यालय का शैक्षणिक स्तर गिरने, कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम खराब होने, प्रबंधन समिति की बैठक नहीं बुलाने, छात्र से राशि लेने और विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहने जैसे आरोप लगाए गए हैं। विभाग ने इन मामलों को गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है।

ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ का कहना है कि शिकायतों और विभागीय नोटिस के बावजूद संबंधित अधिकारी अब भी प्रभारी पद पर बने हुए हैं, जिससे विद्यालय का माहौल प्रभावित हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि निष्पक्ष जांच पूरी होने तक उन्हें तत्काल प्रभार से हटाया जाए और विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

बताया जा रहा है कि इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा भी उच्च कार्यालय को पत्र भेजा गया है। अब सभी की नजर विभाग की अंतिम कार्रवाई पर टिकी हुई है।