मुंगेली। छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अचानकमार क्षेत्र का दौरा कर वनांचल क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम शिवलखार और शिवतराई पहुंचकर ग्रामीणों, पीएम जनमन योजना के हितग्राहियों और बैगा परिवारों से सीधा संवाद किया। उनके साथ कलेक्टर कुंदन कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।
ग्राम शिवलखार में प्रमुख सचिव ने जमीन पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी बातें रखीं। प्रमुख सचिव ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। पीएम आवास योजना से जुड़ी शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
शिवतराई सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने अचानकमार टाइगर रिजर्व और खुड़िया क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने एटीआर क्षेत्र में होम-स्टे सुविधा शुरू करने और आदिवासी युवाओं को टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन और कौशल विकास के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
बैठक में पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही आश्रम-छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्कूलों की मरम्मत और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
दौरे के दौरान प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने पीएम जनमन आवास योजना के हितग्राही रामसिंह बैगा से मुलाकात कर योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। हितग्राही ने बताया कि शासन की योजनाओं से उनके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और अब उन्हें मूलभूत सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। प्रमुख सचिव ने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।
ग्राम Shivlakhar में उन्होंने पीएम जनमन योजना की हितग्राही मुन्नीबाई को नए पक्के आवास की चाबी भी सौंपी। इस दौरान हितग्राही ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रमुख सचिव ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। दौरे में डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीएम अजीत पुजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





