July 30, 2026

रात 11:38 बजे SSP ने खुद किया डायल-112 पर कॉल, 22 मिनट में पहुंची टीम; औचक निरीक्षण में परखी आपातकालीन सेवा

मुंगेली जिले में डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता और पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता परखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने गुरुवार देर रात अनोखा औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं आवेदक बनकर सड़क दुर्घटना की झूठी सूचना दी और कंट्रोल रूम से लेकर घटनास्थल तक पुलिस की पूरी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया।

जानकारी के अनुसार, रात 11:38 बजे एसएसपी भोजराम पटेल ग्राम कोदवाबानी पहुंचे, जो थाना जरहागांव, लालपुर और सिटी कोतवाली क्षेत्र के मध्य स्थित है। वहां से उन्होंने डायल-112 पर फोन कर सड़क दुर्घटना होने और मौके पर भीड़ जमा होने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ और महज तीन मिनट के भीतर रिस्पांस कॉल प्राप्त हुआ। पुलिस टीम ने कॉल पर बताया कि वह 15 से 20 मिनट के भीतर घटनास्थल पहुंच जाएगी। इसके बाद रात 11:44 बजे डायल-112 वाहन के रवाना होने का संदेश भी प्राप्त हुआ।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए डायल-112 की टीम लगभग 22 मिनट के भीतर ग्राम कोदवाबानी पहुंच गई। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मी उस समय आश्चर्यचकित रह गए जब उन्हें पता चला कि सूचना देने वाला कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि स्वयं जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हैं।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी भोजराम पटेल डायल-112 वाहन में बैठे और स्क्रीन पर दर्ज की जा रही जानकारियों का अवलोकन करते हुए पूरी कार्यप्रणाली की बारीकी से जांच की। उन्होंने आरक्षक सुनील खाण्डे सहित मौजूद स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

रात 1:10 बजे फिर परखी व्यवस्था
निरीक्षण यहीं समाप्त नहीं हुआ। रात करीब 1:10 बजे बस स्टैंड मुंगेली में एक अन्य दुर्घटना की सूचना डायल-112 को मिली। सूचना मिलते ही एसएसपी स्वयं डायल-112 वाहन में सवार होकर घटनास्थल के लिए रवाना हुए और रात 1:20 बजे मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण किया।

यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर जताई नाराजगी
इस दौरान 108 एम्बुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली और रिस्पांस व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया। निरीक्षण में डायल-112 वाहन चालक निर्धारित वर्दी में नहीं मिला, जिस पर एसएसपी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने के निर्देश दिए।

स्टाफ को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
निरीक्षण के बाद एसएसपी भोजराम पटेल ने डायल-112 स्टाफ को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं, आपातकालीन परिस्थितियों और अपराध संबंधी सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

मुंगेली पुलिस के अनुसार, आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने और डायल-112 सेवा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इस तरह के औचक निरीक्षण और मूल्यांकन आगे भी लगातार जारी रहेंगे।