September 4, 2026

मुंगेली में शिक्षक की अनोखी देशभक्ति, 2 साल से हर दिन घर की छत पर फहरा रहे तिरंगा

मुंगेली। देशभर में तिरंगा अभियान के बीच मुंगेली के एक शिक्षक की अनोखी पहल चर्चा में है। मुंगेली विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला झझपुरीखुर्द में पदस्थ शिक्षक एलबी पीताम्बर दास मानिकपुरी पिछले करीब दो वर्षों से अपने घर की छत पर प्रतिदिन तिरंगा फहरा रहे हैं। वह हर सुबह करीब 8 बजे विधिवत ध्वजारोहण करते हैं और शाम को राष्ट्रध्वज को सम्मानपूर्वक उतारते हैं।

शिक्षक पीताम्बर दास जरहागांव नगर पंचायत के निवासी हैं। राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान को उन्होंने अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना लिया है। मौसम या दिन कोई भी हो, वे नियमित रूप से तिरंगा फहराते हैं और ध्वज से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन करते हैं।

बचपन से स्काउट-गाइड से जुड़े

पीताम्बर दास का राष्ट्रसेवा और अनुशासन से जुड़ाव बचपन से रहा है। वे लंबे समय से स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। स्काउटिंग के माध्यम से उनमें अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत हुई।

वे स्काउट के राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर भी हैं। स्काउटिंग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

परिवार भी होता है शामिल

प्रतिदिन ध्वजारोहण के दौरान कई बार उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ शामिल होते हैं। इस तरह राष्ट्रध्वज के सम्मान की भावना उनके परिवार तक भी पहुंच रही है।

राष्ट्रीय पर्व तक सीमित नहीं देशभक्ति

आमतौर पर घरों में राष्ट्रीय पर्वों या विशेष अवसरों पर तिरंगा फहराया जाता है, लेकिन पीताम्बर दास ने इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना लिया है। उनका मानना है कि देशभक्ति केवल विशेष अवसरों पर प्रदर्शित करने वाली भावना नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन में भी अपनाया जाना चाहिए।

तिरंगा अभियान के बीच बनी प्रेरणा

वर्तमान तिरंगा अभियान के बीच शिक्षक की यह पहल लोगों के लिए प्रेरणादायी बनी हुई है। एक शिक्षक के रूप में वे बच्चों को शिक्षा देने के साथ-साथ अनुशासन, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश अपने व्यवहार के जरिए भी दे रहे हैं। करीब दो वर्षों से हर दिन तिरंगा फहराने की उनकी यह पहल राष्ट्रप्रेम की एक अलग मिसाल पेश कर रही है।